बरेली। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में 22 फरवरी को जी.आई.सी. ऑडिटोरियम में दुर्लभ एवं वंचित वर्गों के लिए विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मेगा शिविर के नोडल अधिकारी उमा शंकर कहार ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र व राज्य सरकार की विधिक तथा जनहितकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाना है। कार्यक्रम स्थल पर चिकित्सीय सेवाओं सहित करीब 40 स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी और मौके पर सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदीप कुमार सिंह, अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, उपस्थित रहेंगे। वहीं प्राधिकरण की सचिव जया प्रियदर्शिनी भी मौजूद रहेंगी। आयोजकों के अनुसार यह आयोजन निःशुल्क विधिक सहायता, सरकारी योजनाओं की जानकारी और आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। सचिव ने बताया कि शिविर के सफल संचालन के लिए पराविधिक स्वयंसेवकों को तैनात किया गया है, जो शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में पोस्टर और पम्फलेट के माध्यम से कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार कर रहे हैं।