बरेली। आगामी महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर निकलने वाली शिव बारात शोभा यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक द्वारा अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे के साथ संयुक्त रूप से शहर के प्रमुख मार्गों का रूट निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान किला, कोतवाली, बारादरी एवं प्रेमनगर थाना क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले प्रमुख मार्गों, चौराहों, संकरी गलियों एवं संवेदनशील स्थानों का गहन अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने यात्रा मार्ग, संभावित भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों तथा यातायात प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। रूट निरीक्षण के क्रम में संबंधित थाना प्रभारियों, क्षेत्राधिकारियों, ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों एवं अन्य सुरक्षा कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इनमें यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना, भीड़ नियंत्रण हेतु पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव दल की तैयारी, साथ ही अग्निशमन, एम्बुलेंस एवं चिकित्सा टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए। उन्होंने आम जनमानस से अपील की कि शोभा यात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।