शांतिकुंज गर्ल्स इंटर कॉलेज में नव-निर्मित ऑडिटोरियम का भव्य उद्घाटन
बरेली। शांतिकुंज गर्ल्स इंटर कॉलेज में नव-निर्मित ऑडिटोरियम का उद्घाटन माननीय शिक्षक विधायक, विधान परिषद उत्तर प्रदेश डॉ. हरि सिंह ढिल्लो ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक बरेली डॉ. अजीत कुमार विशिष्ट अतिथि तथा आईएमए उत्तर प्रदेश के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. रवीश अग्रवाल सम्माननीय अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ, बैज एवं उत्तरीय पहनाकर किया गया। छात्राओं द्वारा गणेश वंदना एवं स्वागत गीत की मनोहारी प्रस्तुति दी गई। आईएमए के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. रवीश अग्रवाल ने विद्यालय की 26 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शांतिकुंज विद्यालय ने स्थापना से लेकर आज तक निरंतर उन्नति करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में नए मानक स्थापित किए हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय का परीक्षा परिणाम लगातार उत्कृष्ट रहा है तथा यहां की छात्राओं ने दो बार टॉप-10 में स्थान प्राप्त कर विद्यालय और जनपद का नाम रोशन किया है। विद्यालय की पूर्व छात्राएं आज शिक्षा, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, पुलिस एवं प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दे रही हैं।

इस अवसर पर छात्राओं ने प्राचीन दर्शन पर आधारित चारों युगों की सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मुख्य अतिथि डॉ. हरि सिंह ढिल्लो ने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रदेश सरकार की शैक्षिक योजनाओं, नई शिक्षा नीति, डिजिटल शिक्षा एवं रोजगारोन्मुखी शिक्षा पर प्रकाश डालते हुए फिनलैंड व जापान की नवाचारी शिक्षा प्रणाली का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को दृढ़ संकल्प के साथ लक्ष्य प्राप्ति के लिए आगे बढ़ना होगा। विशिष्ट अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अजीत कुमार ने कहा कि भारतीय विद्यार्थी आज वैश्विक स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। उन्होंने छात्राओं से अपनी क्षमताओं को पहचान कर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों में मोबाइल फोन, टुकुर-टुकुर, ताल से ताल मिला जैसी प्रस्तुतियों के साथ स्कूल बैंड की अद्भुत प्रस्तुति ने सभी को आनंदित कर दिया। कार्यक्रम का संचालन आशुतोष शर्मा ने अपने विशिष्ट अंदाज में किया। प्रधानाचार्य एवं प्रबंधक सुनील कुमार शर्मा ने सभी अतिथियों, अभिभावकों व उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में पीएफसी चेयरमैन शिवेंद्र नाथ चौबे, विधि सलाहकार दिनेश कश्यप, नीतीश कुमार शर्मा, पूर्व प्रधानाचार्य दिनेश डोभाल, सी.एल. शर्मा, विकास वर्मा, धर्मेंद्र पटेल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, शिक्षक, छात्राएं व अभिभावक उपस्थित रहे।













































































