बरेली। थाना भमोरा पुलिस ने रात्रि गश्त एवं चेकिंग अभियान के दौरान दो चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार अभियुक्त की तलाश में जुटी है। रात में थाना भमोरा पुलिस टीम संदिग्ध वाहन व व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान विकास ईंट भट्टा के खंडहर, सरदारनगर के पास से लालाराम पुत्र राजेंद्र, निवासी ग्राम तजपुरा, उम्र लगभग 25 वर्ष को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से एक स्प्लेंडर प्लस और एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद हुई। जांच में सामने आया कि दोनों मोटरसाइकिलें जनपद शाहजहांपुर से चोरी की गई थीं, जिनके संबंध में वहां पहले से मुकदमे दर्ज हैं। अभियुक्त के खिलाफ थाना भमोरा में मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार साथी गुड्डू की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।