कैबिनेट मंत्री पशुधन एवं दुग्ध विकास धर्मपाल सिंह ने पुलिस लाइन में किया ध्वजारोहण
बरेली। पुलिस लाइन में 77 वे गणतंत्र दिवस पर कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने किया ध्वजारोहण और परेड को दी सलामी। 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर कैबिनेट मंत्री पशुधन एवं दुग्ध विकास धर्मपाल सिंह ने बरेली पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करते हुए उत्तर प्रदेश की जनता और पुलिस विभाग को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह दिवस विकास और सुरक्षा के नए आयाम स्थापित करने का प्रतीक है।
मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों का उत्तर प्रदेश आज योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अद्भुत प्रगति की दिशा में अग्रसर है। प्रदेश में चौमुखी विकास के तहत कृषि, उद्योग, सुरक्षा, रक्षा, शिक्षा और सिंचाई जैसे सभी क्षेत्रों में महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से शिक्षा और पशुपालन के क्षेत्र में हुई उपलब्धियों को रेखांकित किया।
उन्होंने बताया कि बरेली में कानून व्यवस्था और प्रशासनिक सहयोग के कारण तीन बड़ी उद्योगिक इकाइयां स्थापित हुई हैं। इनमें एक बड़ी चीनी मिल, डेयरी इंडस्ट्री शामिल हैं, जो न केवल स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ा रही हैं बल्कि प्रदेश के आर्थिक विकास में भी योगदान दे रही हैं।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश में डेयरी उद्योग ने भी अभूतपूर्व विकास किया है, जिससे किसानों और पशुपालकों को सीधे लाभ मिल रहा है। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक सुधारों की भी सराहना की। उनका कहना था कि उत्तर प्रदेश आज न केवल विकास के मानक स्थापित कर रहा है बल्कि अपने नागरिकों के जीवन स्तर में भी सुधार ला रहा है।
धर्मपाल सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कर्मयोगी बताया, जिन्होंने देश को वैश्विक स्तर पर नई ऊँचाइयों पर पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि भारत शिक्षा, संस्कृति और आध्यात्मिक क्षेत्र में भी अग्रणी बनता जा रहा है और उत्तर प्रदेश इस दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
मंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे योगी सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों में सहयोग करें। उनका कहना था कि सतत विकास, शिक्षा और उद्योगिक प्रगति से उत्तर प्रदेश का भविष्य उज्ज्वल है। उन्होंने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को पुनः गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी।













































































