बरेली । नवाबगंज क्षेत्र के ग्राम जादोपुर में पिछले छह महीनों से बंद पड़े प्राइमरी सरकारी स्कूल के कारण बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है। प्रशासन द्वारा स्कूलों के बीच एक किलोमीटर से अधिक दूरी का हवाला देकर बच्चों को पढ़ाई से वंचित रखा गया था। इस मुद्दे पर सामाजिक कार्यकर्ता सुनीता गंगवार की दखल के बाद प्रशासन हरकत में आया। आज उप जिलाधिकारी नवाबगंज के निर्देश पर खंड शिक्षा अधिकारी ग्राम जादोपुर पहुंचे और स्कूलों के बीच वास्तविक दूरी की नपाई कराई गई। इस दौरान ग्रामीणों की मौजूदगी में सुनीता गंगवार ने एक स्कूल से दूसरे स्कूल तक फीता डालकर दूरी की जांच कराई, जिसमें स्कूलों के बीच की दूरी एक किलोमीटर से अधिक पाई गई। सुनीता गंगवार ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही बच्चों के लिए स्थानीय स्कूल पुनः नहीं खोला गया तो वह तहसील नवाबगंज परिसर में बच्चों की कक्षाएं संचालित करेंगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा बच्चों का मौलिक अधिकार है और किसी भी स्थिति में उन्हें इससे वंचित नहीं किया जा सकता। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से जल्द से जल्द स्कूल संचालन की मांग की है, ताकि बच्चों की पढ़ाई दोबारा शुरू हो सके।