बरेली। श्रीमती कृष्णा खंडेलवाल ‘कनक’ स्मृति साहित्यिक समिति के तत्वावधान में संस्था मुख्यालय गंगापुर के सभागार में कनक जयंती समारोह एवं काव्य गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा नेत्री श्रुति गंगवार, कार्यक्रम अध्यक्ष वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी डॉ. चंद्रकांत त्रिपाठी, संस्थापक अध्यक्ष वीरेंद्र प्रसाद खंडेलवाल सहित अतिथियों ने मां सरस्वती और श्रीमती कृष्णा खंडेलवाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।वक्ताओं ने कृष्णा खंडेलवाल के साहित्यिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी रचनाओं के माध्यम से बरेली को साहित्य के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई। डॉ. चंद्रकांत त्रिपाठी ने उन्हें साहित्य शिरोमणि बताते हुए कहा कि उनका साहित्य अंतर्मन को स्पर्श करता था और आज भी युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा है। काव्य गोष्ठी में रणधीर प्रसाद गौड़, आशु अनिल बोहरे, मीरा प्रियदर्शिनी, डॉ. सौरभ कुमार अग्रवाल, डॉ. रजनीश सक्सेना, डॉ. किरन कैथवाल, डॉ. मिथलेश राकेश ‘मिथिला’, आराध्या खंडेलवाल और रोहित राकेश ने काव्य पाठ किया। डॉ. किरन कैथवाल, डॉ. मिथलेश राकेश ‘मिथिला’ और आराध्या खंडेलवाल को कनक स्मृति सम्मान से नवाजा गया। संचालन कवि इंद्रदेव त्रिवेदी ने किया। अंत में वीरेंद्र प्रसाद खंडेलवाल ने सभी का आभार जताया।