बरेली। कालीबाड़ी स्थित श्री विष्णु बाल सदन जूनियर हाई स्कूल में शुक्रवार को कन्हैया जी का छठी महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय के नर्सरी वर्ग के 95 बच्चे राधा-कृष्ण के स्वरूप में सजकर पहुंचे तो पूरे परिसर में मथुरा और गोकुल जैसा माहौल बन गया।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने बधाई गीत, भजन और रास नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिनकी अभिभावकों और अतिथियों ने खूब सराहना की।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कृष्ण स्वरूप धारण किए छात्र द्वारा मटकी फोड़ना रहा। भगवान श्रीकृष्ण की आरती के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी बच्चों को उपहार देकर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर प्रधानाध्यापिका मंजू खत्री, प्रबंधक सुधीर कुमार अग्रवाल, अध्यक्ष हरीश चंद्र अग्रवाल, प्रेम शंकर अग्रवाल, संजय गोयल, जुगल किशोर साबू, नरसिंह मोदी, शशिकांत मोदी, नरेश कुमार अग्रवाल, सुरेंद्र कुमार अग्रवाल, विद्यालय की शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। अंत में प्रधानाध्यापिका मंजू खत्री ने सभी को कन्हैया जी की छठी महोत्सव की शुभकामनाएं दीं।