महिला आयोग की सदस्या ने कोरोना से अनाथ हुए बच्चों को बांटे स्वीकृति पत्र
घरेलू हिंसा की पीडित महिला की जनसुनवाई की
बदायूं।उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य मिथलेश अग्रवाल द्वारा गुरुवार को पी0डब्लू0डी0 गेस्ट हाऊस में जनपद में उ0प्र0 मुख्मंत्री बाल सेवा योजना शिविर एवं महिला जनसुनवाई का कार्यक्रम को आयोजित किया गया। इस दौरान जनपद के ऐसे परिवार जिन्होने कोविड-19 के दौरान अपने माता-पिता में से एक को या दोनो को खो दिया है उनका पंजीकरण कराया गया और 12 लोगों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए, उन्होंने घरेलु हिंसा के मामलों को सुनकर कार्यवाही की गई। जन सुनवाई के दौरान घरेलू हिंसा से संबंधित 12 शिकायतें प्राप्त हुई जिनमें से 3 का मौके पर ही निस्तारण किया एवं अन्य शिकायतों के लिए संबंधित अधिकारियों को निस्तारण करने के लिए निर्देशित किया गया है।

उन्होंने कहा कि कोरोना से जो क्षति हुई है उसको तो पूरा नहीं किया जा सकता है लेकिन ऐसे समय में यदि किसी प्रकार की सहायता मिल जाती है, तो से काफी हद तक राहत मिल जाती है। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अन्तर्गत सरकार द्वारा 18 वर्ष तक की आयु पूर्ण होने तक प्रत्येक माह चार हजार रुपए देने का प्रावधान है। जिनके मां-बाप दोनों नहीं हैं सरकार द्वारा उन लड़कों के लिए अटल आवासीय विद्यालय एवं लड़कियों के लिए कस्तूरबा आवासीय विद्यालय की व्यवस्था की गई है। यदि आपके पड़ोस या जानकारी में ऐसे लोग हो तो उनके बारे में उप जिलाधिकारी से संपर्क कर अवगत कराएं जिससे कि उनको इस योजना का पूर्ण लाभ मिल सके। ऐसे बच्चों का अपने मां-बाप के प्रति कर्तव्य है कि वह मन लगाकर पढ़ाई करें क्योंकि शिक्षा प्रत्येक क्षेत्र के लिए आवश्यक है। बच्चों को संभालते हुए गृहस्ती को चलाना कितना मुश्किल होता है एक महिला होने के नाते मैं अच्छी तरह से जानती हूं मेरा सभी बहनों से निवेदन है कि यदि उन्हें किसी प्रकार की मेरी जरूरत हो तो मुझे अवश्य अवगत कराएं मेरा सहयोग उनके साथ हमेशा रहेगा। बच्चों के उज्जवल और सफल भविष्य के लिए आपको संघर्ष तो करना ही पड़ेगा। क्योंकि इन्हें पढ़ा लिखा कर सफल बनाने भी आपकी ही जिम्मेदारी है।


तत्पश्चात सदस्या ने कृष्णापुरी स्थित बाल ग्रह शिशु का भी निरीक्षण किया यहां सफाई व्यवस्था बेहतर पाई गई, मौके पर 6 से 10 वर्ष की आयु के 22 बच्चे मिले, यहां 15 व्यक्तियों का स्टाफ है, जिनमें से 11 लोग मौके पर मिले शेष चार लोग नाइट ड्यूटी करते हैं। तत्पश्चात उसावा में बाल संरक्षण के अंतर्गत ब्लॉक टास्क फोर्स की बैठक उनकी अध्यक्षता में आयोजित की गई जहां उन्होंने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना हेल्पलाइन नंबर 181, 1098, 1090, 1076 के बारे में विस्तार रूप से जानकारी दी। इस अवसर पर संरक्षण अधिकारी रवि कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी संतोष कुमार, डिप्टी कलेक्टर राजेश कुमार, महिला थाना अध्यक्ष रेनू सिंह, जिला प्रोबेशन कार्यालय के जूनियर असिस्टेंट राजकुमार, वन स्टॉप सेंटर बदायूं की सेंटर मेनेजर नीतू सिंह आदि संबंधित लोग व शिकायतकर्ता मौजूद रहे।













































































