बरेली। शहर के नवलती चौराहा क्षेत्र में सुबह एक दर्दनाक हादसा होते होते बच गया, जब रोडवेज की बस के चालक ने नगर निगम के संविदा सफाई कर्मचारी के पैर पर बस का पहिया चढ़ा दिया। हादसे में कर्मचारी घायल हो गया, जिसे उसके साथी कर्मचारियों ने जिला अस्पताल पहुंचाया। घायल की पहचान मुकेश पुत्र जगदीश निवासी सदर, थाना कैंट के रूप में हुई है। मुकेश ने बताया कि वह नगर निगम में संविदा पर सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत है और सुबह नवलती चौराहे के पास सफाई कार्य कर रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रही रोडवेज बस के चालक ने लापरवाही से बस आगे बढ़ा दी और उसका पहिया सीधे उसके पैर पर चढ़ गया। हादसे के बाद चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों और साथी कर्मचारियों की मदद से घायल मुकेश को जिला अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस रोडवेज बस और उसके चालक की तलाश में जुटी है तथा मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।