बरेली। बरेली कॉलेज परिसर में छंटाई के नाम पर बेल के पेड़ों को जड़ से काटे जाने पर विरोध तेज हो गया है। कर्मचारी कल्याण सेवा समिति, बरेली कॉलेज के अध्यक्ष जितेंद्र मिश्रा ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि यह केवल छंटाई नहीं बल्कि पर्यावरण और आस्था दोनों पर सीधा हमला है। उन्होंने बताया कि शहीद स्तंभ पार्क में दो बेल के पेड़ काटे गए हैं, जिन्हें कभी कॉलेज के कर्मचारी रहे यूसुफ भाई ने लगाया था। सावन माह में इन्हीं पेड़ों से कर्मचारी बेलपत्र लेकर भगवान शिव को अर्पित करते थे। जितेंद्र मिश्रा ने कहा कि पिछले कई महीनों से यह कटाई किसकी निगरानी में चल रही है, यह गंभीर सवाल है। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर वह वन विभाग को पत्र लिखकर जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग करेंगे।