उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता सोनिया गांधी से मिली, न्याय का दिया भरोसा, सेंगर की जमानत पर जताया आक्रोश
उन्नाव। दुष्कर्म मामले की पीड़िता बुधवार शाम महिला कार्यकर्ता योगिता भयाना के साथ कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात करने उनके आवास 10 जनपथ पहुंचीं। सोनिया गांधी से मिलने के बाद पीड़िता भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि वे परेशान न हों और उन्हें न्याय जरूर मिलेगा। पीड़िता के अनुसार बातचीत के दौरान सोनिया गांधी की आंखों में भी आंसू थे और उन्होंने कहा कि यह देश का न्याय नहीं बल्कि अन्याय है। पीड़िता ने बताया कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी दोनों की आंखें नम थीं।
पीड़िता ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मिलना चाहती हैं और अपना दुख-दर्द उन्हें बताना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि मेरा है ही कौन, मैं इन्हीं लोगों से अपनी पीड़ा साझा कर सकती हूं।
गौरतलब है कि दिल्ली हाईकोर्ट ने मंगलवार को 2017 के उन्नाव दुष्कर्म मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे पूर्व भाजपा नेता कुलदीप सिंह सेंगर की सजा को अपील लंबित रहने तक निलंबित कर दिया। कोर्ट ने सेंगर को दिल्ली में रहने समेत कई सख्त शर्तों के साथ जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया है।
इससे पहले मंगलवार देर शाम पीड़िता ने अपनी मां और महिला कार्यकर्ता योगिता भयाना के साथ कोर्ट के इस फैसले के खिलाफ दिल्ली के इंडिया गेट पर प्रदर्शन किया था। पीड़िता ने कहा कि फैसले को सुनकर उन्हें बेहद बुरा लगा और उन्होंने जान देने तक का फैसला कर लिया था, लेकिन परिवार को याद कर रुक गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ नाइंसाफी हुई है और चुनाव के चलते कुलदीप सेंगर को जमानत मिली है। पीड़िता ने कहा कि वह अब न्याय के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगी। हालांकि कुछ देर बाद दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को इंडिया गेट से हटा दिया था।
पीड़िता की बहन ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि कुलदीप सेंगर ने पहले उनके बड़े पापा और फिर पिता की हत्या करवाई। इसके अलावा बहन के साथ गलत काम किया गया और दुष्कर्म पीड़िता के लिए न्याय की लड़ाई लड़ने वाले चाचा को झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाया गया। पीड़िता की बहन ने आरोप लगाया कि सेंगर अभी जेल से बाहर भी नहीं आए हैं और उनके समर्थकों की ओर से धमकियां मिलने लगी हैं। उन्होंने कहा कि पिता की हत्या के मामले में पहले से जमानत पर चल रहे लोग खुलेआम धमका रहे हैं, जिससे परिवार पर खतरा मंडरा रहा है।













































































