विपणन निरीक्षक व एक प्राइवेट व्यक्ति 10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
बरेली। भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति को आगे बढ़ाते हुए भ्रष्टाचार निवारण संगठन, बरेली मंडल की ट्रैप टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विपणन निरीक्षक मनीष कुमार दुबे पुत्र कृष्ण मोहन दुबे, कार्यालय सम्भागीय खाद्य नियंत्रण, बरेली तथा उसके साथी प्राइवेट व्यक्ति अतुल गंगवार को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं भ्रष्टाचार निवारण संगठन के पुलिस अधीक्षक, मुख्यालय लखनऊ के निर्देश पर निरीक्षक जितेन्द्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने सोमवार को धान क्रय केंद्र, कृषि उत्पादन मंडी समिति, बहेड़ी परिसर में दोपहर 1:46 बजे छापेमारी कर दोनों आरोपियों को पकड़ा। शिकायत पर हुई कार्रवाई ग्राम मलकपुर, बहेड़ी निवासी सुनील कुमार पुत्र हर प्रसाद ने शिकायत की थी कि सरकारी अनाज मंडी, बहेड़ी स्थित तौलघर में धान तौल कराने के एवज में प्रति क्विंटल के हिसाब से 10,000 रुपये की रिश्वत मांग की जा रही है। शिकायत का संज्ञान लेते हुए भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने तत्काल ट्रैप कार्रवाई की और निर्धारित राशि स्वीकार करते ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया। मुकदमा दर्ज ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध थाना देवरनिया, जनपद बरेली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की उचित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कराया किया गया।
