बरेली। मिशन शक्ति 5.0 एवं सेवा पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत बिथरीचैनपुर विकास खंड में पोषण पंचायत कार्यक्रम एवं महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य पुष्पा पाण्डेय ने की, जबकि ब्लॉक प्रमुख बृजेश कुमारी विशेष रूप से मौजूद रहीं। जिला प्रशासन के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना व मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना की लाभार्थी बालिकाओं को सम्मानित किया गया। साथ ही विपरीत परिस्थितियों पर विजय प्राप्त कर विशिष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महिलाओं की गोद भराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। कंपोजिट विद्यालय बाल जाति नगर क्षेत्र में सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श संबंधी जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित हुआ। वहीं “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया है।