बरेली। अखिल भारत हिंदू महासभा ने इत्तेहाद मिल्लत काउंसिल (आईएमसी) पर सनातनी पर्वों में माहौल बिगाड़ने की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए आईएमसी पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। गुरुवार को मंडल अध्यक्ष पंकज पाठक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सेठ दामोदर स्वरूप पार्क से प्रदर्शन करते हुए जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचकर सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। पंकज पाठक ने कहा कि आईएमसी के नेता जानबूझकर सनातनी पर्वों से पूर्व भड़काऊ बयानबाजी कर शहर में अशांति फैलाने की कोशिश करते हैं। हाल ही में संगठन के नेता डॉ. नफीस खान द्वारा पुलिस को धमकी देना संविधान और कानून के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि इस तरह की बयानबाजी से पुलिस का मनोबल गिराने का प्रयास होता है। महासभा ने आरोप लगाया कि पूर्व में भी आईएमसी के संरक्षण में दंगे भड़काए गए। 2010 में बरेली में हुए दंगों के दौरान पुलिस चौकी और मंदिर में तोड़फोड़ व आगजनी की घटनाएं सामने आई थीं। अखिल भारत हिन्दू महासभा ने कहा कि आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खान लगातार संविधान विरोधी गतिविधियों में शामिल रहे हैं। ज्ञापन में मांग की गई कि नफीस खान को तत्काल गिरफ्तार किया जाए, शुक्रवार को प्रस्तावित प्रदर्शन पर प्रतिबंध लगाया जाए और आईएमसी को प्रतिबंधित कर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज किया जाए। महासभा ने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन भी सड़कों पर उतरकर विरोध करेगा। प्रदर्शन के दौरान सोने लाल शुक्ला , सोनू राठौर, अभिषेक शर्मा , अरुण , अंकित, अनिल , लकी, विशाल , नितेश सक्सेना, राज , बंटी आदि मौजूद थे।