बरेली। थाना सीबीगंज पुलिस ने हत्या के आरोपी वसीम पुत्र लल्लू निवासी ग्राम तिलियापुर को न्यायालय की अनुमति के बाद पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ की। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने ग्राम विवियापुर जंगल के खड़ंजे रास्ते पर आम के बाग में गूलर के पेड़ के पास से एक तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। मामला 5 सितम्बर 2025 का है, जब ग्राम तिलियापुर निवासी अजीम पुत्र भूरे ने आरोप लगाया था कि इमरान पुत्र वली रजा और वसीम पुत्र लल्लू ने उनके पिता भूरे के साथ गाली-गलौज कर लाठी-डंडों से हमला किया और फायरिंग कर जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान घायल भूरे की इलाज के दौरान मौत हो गई। जिसके बाद थाना सीबीगंज में दर्ज मुकदमे में धारा 103(1) बीएनएस की वृद्धि की गई। बरामदगी के बाद वसीम के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र पाल सिंह, उपनिरीक्षक विपिन तोमर, हेड कांस्टेबल रूपेंद्र कुमार, कांस्टेबल सुबोध कुमार और अनुज कुमार शामिल रहे।