बरेली। थाना सीबीगंज पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गश्त के दौरान परसाखेड़ा रोड नंबर 3 तिराहे से करीब 200 कदम की दूरी पर छत्रपाल पुत्र मूलचंद्र निवासी ग्राम बंडिया को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी आस-पास के लोगों से रंजिश है, जिसके चलते वह अपनी सुरक्षा के लिए यह असलहा रखता था। उसने यह तमंचा करीब दस महीने पहले तीन हजार रुपये में खरीदा था, हालांकि वह बेचने वाले व्यक्ति का नाम-पता नहीं बता सका। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना सीबीगंज में मुकदमा संख्या 457/25 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास लंबा है। उस पर चोरी, आर्म्स एक्ट और गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें वर्ष 2018, 2020, 2021, 2023 और 2024 के प्रकरण शामिल हैं। गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र पाल सिंह, उपनिरीक्षक सौरव कुमार, कांस्टेबल हरिओम सिंह और शांति स्वरूप शामिल रहे।