बरेली। समय से मानदेय न मिलने से नाराज शिक्षामित्रों का गुस्सा मंगलवार को बीएसए कार्यालय पर फूट पड़ा। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के बैनर तले सैकड़ों शिक्षामित्रों ने कार्यालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया और मानदेय भुगतान की मांग उठाई। जिलाध्यक्ष कपिल यादव ने कहा कि शिक्षामित्र इन दिनों आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं और भुखमरी की कगार पर पहुंच गए हैं। उन्होंने समर कैंप का भुगतान भी शीघ्र कराने की मांग की। महामंत्री कुमुद केशव पांडे ने आरोप लगाया कि समर कैंप की स्टेशनरी हेतु प्रधानाध्यापकों के खातों में आई धनराशि की जांच कराई जानी चाहिए। विभागीय लापरवाही और डबल एओ का चार्ज न मिलने का खामियाजा शिक्षामित्र क्यों भुगतें? शिक्षामित्रों ने कहा कि उन्हें वैसे ही मामूली मानदेय मिलता है, वह भी समय पर नहीं दिया जाता। विभागीय अधिकारियों की लापरवाही के चलते परिवार का भरण-पोषण कठिन हो रहा है। दो दिन में मानदेय भुगतान का आश्वासन मिलने के बाद शिक्षामित्रों ने धरना समाप्त किया और बीएसए की अनुपस्थिति में बीईओ गिरीश चंद्र जोशी को ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर कुमुद केशव पांडे, विनीत चौबे, राजीव कठेरिया, सतपाल सिंह, कुंवरसेन गंगवार, अर्जुन सिंह, जसवीर सिंह यादव, अनिल यादव, राजेश गंगवार, देवदत्त शर्मा, राजेश्वरी, पुष्पा देवी, प्रेमवती, चंद्रवती, सर्वेश पटेल, आसिम हुसैन, हरवीर सिंह यादव, नरेश गंगवार, नीरज यादव, संजीव कुमार, भगवान सिंह यादव सहित सैकड़ों शिक्षामित्र मौजूद रहे।