बरेली। जिला व महानगर कांग्रेस कमेटी ने कानपुर में आई लव मोहम्मद लिखने के मामले में 25 लोगों पर दर्ज मुकदमे के विरोध में शनिवार को कलक्ट्रेट गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष शहजाद अली और महानगर अध्यक्ष आफताब आलम के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में कांग्रेसियों ने नारेबाजी करते हुए महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसीएम प्रथम को सौंपा। कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि भारत का संविधान हर नागरिक को धार्मिक स्वतंत्रता का अधिकार देता है। उन्होंने मांग की कि नफरती विचारधारा से प्रभावित पुलिसकर्मियों पर सरकार सख्त कार्रवाई करे। चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ मौजूद रही।