किला पुलिस पर निर्दोष युवक को फर्जी शराब तस्करी में फंसाने का आरोप
बरेली। थाना किला क्षेत्र के स्वाले नगर, रामपुर रोड निवासी शिवम पुत्र मुनीष को फर्जी शराब तस्करी के मामले में फँसाए जाने का गंभीर आरोप चौकी प्रभारी किला पर लगा है इसकी शिकायत एसपी सिटी से की है। अखिल भारत हिंदू महासभा के मंडल अध्यक्ष पंकज पाठक ने इस संबंध में बताया कि स्वाले नगर नवदिया के हिंदू समाज ने संगठन को लिखित पत्र देकर अवगत कराया है कि चौकी प्रभारी किला सपा सभासद के दबाव में हिंदू समाज का उत्पीड़न कर रहे हैं। संगठन का कहना है कि सभासद के इशारे पर ही 18 सितंबर की शाम शिवम को सत्य प्रकाश पार्क के पास से उठाकर फर्जी तरीके से शराब तस्करी का अभियुक्त बनाया गया। जबकि शिवम एक सिलाई की दुकान पर काम करके अपनी विधवा माँ और बहन का पालन-पोषण करता है। मामले की सच्चाई सत्यापन हेतु मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों से स्पष्ट की जा सकती है। संगठन के पंकज पाठक ने आरोप लगाया कि इससे पहले भी कई घटनाओं में चौकी प्रभारी की भूमिका पर सवाल उठे हैं। क्षेत्र में घटित घटनाओं को दबाने या निर्दोष हिंदू समाज के लोगों पर धारा 151 की कार्रवाई करने की शिकायतें मिलती रही हैं। करीब डेढ़ माह पूर्व भी स्वाले नगर निवासी संजू पुत्र बालक राम के घर में कुछ लोगों ने घुसकर मारपीट की थी और घर में स्थापित प्राचीन मंदिर को नुकसान पहुँचाया था। उस समय भी चौकी प्रभारी ने आरोपियों पर कार्रवाई करने के बजाय पीड़ित पक्ष को ही 151 में चालान कर दिया था। यहां तक कि घटना की जानकारी देने वाले भाजपा युवा मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष छोटेलाल साहू को भी चौकी प्रभारी ने थाने ले जाकर अपमानित किया था। अखिल भारत हिंदू महासभा ने मांग की है कि निर्दोष युवक शिवम पर लगाए गए फर्जी मुकदमे की निष्पक्ष जांच कराई जाए और चौकी प्रभारी किला की भूमिका की उच्च स्तरीय जांच कर कड़ी कार्यवाही की जाए। शिकायत करने बालों में नंदकिशोर शर्मा , नितेश शर्मा , मुकेश सागर, सिंटू कश्यप , अजय शर्मा, देवेंद्र पाठक, सोनू राठौर आदि मौजूद रहे।













































































