बरेली। थाना भमोरा पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का मोबाइल व चांदी का सिक्का बरामद किया है। पुलिस के अनुसार 13 सितम्बर को ग्राम कुड्डा निवासी मोहम्मद शफी पुत्र शराफत शाह ने घर से मोबाइल कीमत करीब 45 हजार रुपये और चांदी का सिक्का चोरी हो जाने की तहरीर दी थी। इस पर थाना भमोरा में मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की गई। थानाध्यक्ष भमोरा सनी चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 14 सितम्बर को मुखबिर की सूचना पर ग्राम कुड्डा स्थित नाई की दुकान से अभियुक्त जीशान अली पुत्र नूर मोहम्मद निवासी नकटिया नरियावल थाना कैंट, हाल ननिहाल ग्राम कुड्डा, को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी का मोबाइल व सिक्का उसकी नानी के घर से बरामद किया गया। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह अपनी नानी के यहां रहता है और गलती से पड़ोसी मोहम्मद शफी के घर से छत के रास्ते मोबाइल व सिक्का चोरी कर लिया था। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सनी चौधरी, उनि अनीज कुमार, कांस्टेबल सुरेन्द्र कुन्तल और शिव कुमार थे।