जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में नवाचार महोत्सव हुआ,दो पत्रिकाओं का विमोचन
बरेली।।जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान फरीदपुर बरेली में नवाचार महोत्सव का आयोजन किया गया। महोत्सव का उद्घाटन बरेली के मेयर डॉ उमेश गौतम ने फीता काटकर किया। महोत्सव में दो पत्रिकाओं का विमोचन भी हुआ।
गौरतलब है कि शिक्षण प्रक्रिया में नई गतिविधियों को लाने तथा कक्षा शिक्षण को और अधिक रोचक बनाने के लिए बेसिक तथा माध्यमिक विभाग की ओर से निरंतर प्रयास किए जाते रहे हैं। इसी के क्रम में एससीईआरटी उत्तर प्रदेश के दिशा निर्देशन में डायट फरीदपुर में नवाचार महोत्सव का आयोजन हुआ। नवाचार महोत्सव के प्रथम दिन परिषदीय प्राथमिक तथा माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों तथा डीएलएड प्रशिक्षुओं ने विभिन्न नवाचार प्रस्तुत किये। मुख्य अतिथि डॉ उमेश गौतम ने नवाचार के विभिन्न स्टॉल का विधिवत निरीक्षण किया तथा नवाचारी कार्य के लिए शिक्षकों को बधाई भी दी। उपस्थित शिक्षकों तथा डीएलएड प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए मेयर डॉ उमेश गौतम ने कहा कि नवाचार प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में भी होना चाहिए। उन्होंने अध्यापकों को प्रेरित करते हुए कहा कि प्रत्येक अध्यापक अपनी क्षमता में कुछ प्रतिशत की वृद्धि करें, जिससे अभिभावकों को प्राइवेट विद्यालयों की तरफ ना भागना पड़े। उन्होंने कहा कि पढ़ाने में नियमित रूप से गतिविधियों का समावेश करें तथा छात्र-छात्राओं को सांस्कृतिक रूप से तथा नैतिक रूप से भी मजबूत करें जिससे बच्चों में एकजुटता की भावना जन्म ले। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के जीवन के प्रसंग सुनाते हुए कहा कि बच्चों में असीम संभावनाएं होती हैं, जिनका पोषण करके हम उन्हें किसी भी मंजिल तक पहुंचा सकते हैं। डायट प्राचार्य दीप्ति वार्ष्णेय ने नवाचार के बारे में विस्तृत जानकारी दी तथा आयोजन में लगे हुए समस्त डाइट के स्टाफ को धन्यवाद झापित किया। उन्होंने कहा कि नवाचार का लाभ विद्यालय के छात्र-छात्राओं तक भी पहुंचना चाहिए। वरिष्ठ प्रवक्ता मनोज कुमार ने उपस्थित सभी का आभार व्यक्त किया। नवाचार महोत्सव के दौरान दो पत्रिकाओं जिज्ञासा नवाचार एवं शोध संकलन का विमोचन भी मुख्य अतिथि द्वारा किया गया। निर्णायक मंडल में बरेली कॉलेज के पर्यावरण विज्ञान विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ गौरव भूषण, शिक्षा विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ सारा बसु तथा वनस्पति विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ राजेश कुमार, डायट प्रवक्ता श्रीकांत मिश्रा, डॉ रूबी, सूर्य प्रताप सिंह रहे।
आयोजक मंडल में डॉ फहमिना, आकांक्षा, महेंद्र पाल सिंह, दिनेश कुमार सिंह, सावित्री यादव, वंदना सहाय, अर्चना आदि रहे। इस अवसर पर सौरभ मिश्रा, डाॅ नीति माहौर, राजेश कुमार, कुमारी अंशु, ज्योति यादव, भावना,अदिति पंत, हिमांशु राठौर, राकेश कुमार गंगवार, पारुल, रश्मि, सैकड़ो की संख्या में अध्यापक तथा डीएलएड प्रशिक्षु उपस्थित रहे। संचालन डॉ कृष्ण कुमार ने किया।
नवाचार महोत्सव में कल परिषदीय उच्च प्राथमिक तथा डाइट प्रवक्ताओं द्वारा नवाचार के स्टॉल प्रस्तुत किए जाएंगे।













































































