बदायूं। दिव्यांग महागठबंधन के आह्वान पर आज दिव्यांग एकता संगठन समिति के अध्यक्ष सदाक़त खान के नेतृत्व में दिव्यांगजनों ने जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया और अपनी 27 सूत्री मांगों को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। अध्यक्ष सदाक़त खान ने कहा कि दिव्यांगों की पेंशन 1000 रुपये से बढ़ाकर 5000 रुपये प्रतिमाह की जानी चाहिए। सरकारी नौकरियों में आरक्षण बढ़ाया जाए, सभी दिव्यांगों को अंत्योदय कार्ड, आयुष्मान कार्ड, और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिले। साथ ही दिव्यांगजनों के बिजली बिल माफ, नगर पालिका/नगर पंचायत में दुकान आवंटित और छोटे व्यापार के लिए स्थान उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि दिव्यांग अधिनियम 2016 को पूरी तरह लागू किया जाए और आरक्षण कोटा 4% से बढ़ाकर 10% किया जाए। संगठन के उपाध्यक्ष इलमान खान और सुधीश कुमार ने मांग की कि जिन दिव्यांगजनों की पेंशन रुकी हुई है, उसे तत्काल जारी किया जाए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे जिनमें रोहित कुमार, फरहाना खान, गुलशन जहां, पप्पू कुमार, सुनील कुमार, अनिल, चंद्रभान सिंह, आसीम हुसैन, दुर्गा प्रसाद, रंजीत, मोहम्मद फरमान, शानू खान, देवेंद्र सिंह, सत्येंद्र सिंह, गोपाल साहू, फहीम अहमद और बबलू शामिल रहे।