बरसात में 1092 KM सड़कों पर गड्ढे… 15 सितंबर से पैचवर्क, मरम्मत के लिए 17.48 करोड़ का एस्टीमेट तैयार
कानपुर। में बरसात में 1092 किलोमीटर सड़कों पर गड्ढे हो गए। यह खुलासा नगर निगम और पीडब्ल्यूडी के सर्वे में हुआ। दोनों विभागों ने 17.48 करोड़ रुपये से इन सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए एस्टीमेट तैयार किया है। एक-दो दिन में टेंडर कराने और 15 सितंबर से पक्का पैचवर्क कराने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। नगर आयुक्त ने दशहरा से पहले सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए हैं। बरसात में जलभराव की वजह से अति व्यस्त जीटी रोड, राष्ट्रीय राजमार्ग, हैलट रोड, मैनावती मार्ग, बिठूर रोड ही जर्जर नहीं हुई बल्कि शहर के घनी आबादी वाले मोहल्लों से लेकर नवविकसित क्षेत्रों तक की सड़कों में गड्ढे हो गए हैं। नगर निगम और पीडब्ल्यूडी, एनएच पीडब्ल्यूडी ने बरसात के मौसम में कच्चा पैचवर्क कराया पर वह बारिश के पानी में ही उखड़ गया। सड़कों पर गिट्टी, बजरी फैलने से हालत और भी बदतर हो गई।
नगर निगम और पीडब्ल्यूडी ने टूटी सड़कों का सर्वे कराया
रोज लाखों शहरवासी इन सड़कों पर हिचकोले खाते हुए आवागमन के लिए मजबूर हैं। वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. एएस प्रसाद के अनुसार सड़कों के गड्ढों की वजह से तमाम लोगों को कमर दर्द, गर्दन दर्द ही नहीं हो रहा बल्कि रीढ़ की हड्डी में तकलीफ, स्पॉन्डलाइटिस भी हो जा रही है। ऐसे मरीज इलाज के लिए रोज आते रहते हैं। इन समस्याओं से निजात के लिए बारिश बंद होते ही नगर निगम और पीडब्ल्यूडी ने टूटी सड़कों का सर्वे कराया है।
टूटी सड़कों का सर्वे करा लिया गया है। 15 सितंबर के बाद पक्का पैचवर्क शुरू करा दिया जाएगा। दीपावली से पहले सड़कें गड्ढामुक्त कर दी जाएंगी। -अनिल कुमार, अधीक्षण अभियंता, पीडब्ल्यूडी
सभी जोनों में टूटी सड़कें चिह्नित कर ली गई हैं। पक्का पैचवर्क कराने के लिए एक-दो दिन में टेंडर जारी हो जाएंगे। 15 सितंबर के बाद पैचवर्क शुरू करा दिया जाएगा। नगर आयुक्त के निर्देशानुसार देवी मंदिरों, दुर्गा पूजा स्थलों, रामलीला शोभायात्रा रूटों पर प्राथमिकता पर पैचवर्क होगा। -एसएफए जैदी, मुख्य अभियंता, नगर निगम
शहर में जहां-जहां मेट्रो का काम चल रहा है वहां नियमित पैचवर्क कराया जा रहा है। जो भी गड्ढे बचे होंगे उन्हें भी भराया जाएगा। -पंचाचन मिश्रा, डिप्टी जीएम (पीआर), उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन













































































