बिल्सी। इस्लामनगर ब्लॉक क्षेत्र को जिला सम्भल के जिला मुख्यालय बहजोई में शामिल किए जाने को लेकर आज शनिवार को इस्लामनगर कस्बे के लोगों ने तहसील मुख्यालय पर पंहुच कर मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन सीडीओ निशा अनंत को सौंपा। जिसमें उन्होने कहा कि पूर्व में दिए गए ज्ञापन व आवेदन पर तत्कालीन डीएम दिनेश कुमार सिंह ने एसडीएम बिल्सी से परिसीमन की आख्या तैयार कर शासन को भेजी थी। लेकिन शासन द्वारा संज्ञान न लिए जाने पर इस्लामनगर क्षेत्र की जनता अपने को ठगा सा महसूस कर रही है। इसी परिपेक्ष में इस्लामनगर के रामलीला स्टेज पर क्रमिक अनशन पिछले 17 दिन से चल रहा है। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि उनके कस्बा और क्षेत्र की दूूरी जिला बदांयू मुख्यालय से 60 किलोमीटर है। जनमानस को यहां पहुंचने में दो से ढाई घंटे लगते हैं। जबकि इस्लामनगर के निकट 10 किलोमीटर की दूरी पर बहजोई में सम्भल जिले का मुख्यालय स्थित है। बहजोई मुख्यालय पहुंचने में मात्र 20 से 25 मिनट लगते हैं। वर्तमान में कम्प्यूटर युग है। बड़ी ही सुगमता व सुलभता से कार्य निकटतम दूरी पर ही हो पाना सम्भव है। जनहित में ब्लाक इस्लामनगर की जनता की मांग पूर्णतया उचित है। सौेंपने वालों में त्रिलोकीनाथ गुप्ता एडवोकेट, राजीव शर्मा राजू कटिया, शरद बजाज, जय कुमार आदि प्रमुख लोग मौजूद रहे।