बरेली। पितृ पक्ष के शुभारम्भ पर रविवार को अखिल भारत वर्षीय ब्राह्मण महासभा, बरेली के तत्वावधान में पवित्र रामगंगा तट पर शास्त्रोक्त विधि-विधान से सामूहिक तर्पण (जलदान) का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए आचार्यगण श्री ब्रह्मस्वरूप , मुनीश , अनिल और हिमांशु के निर्देशन में तर्पण संपन्न किया। आचार्य ब्रह्मस्वरूप जी ने कहा कि हमारे ग्रंथों में पूर्वजों का स्थान सर्वोच्च बताया गया है। पितरों को प्रसन्न करने से जीवन सुख, संपदा और संतति से परिपूर्ण होता है। भगवान राम ने भी राज्य की शांति के लिए पितृ पूजा की थी। उन्होंने कहा कि भौतिक युग में कम से कम पितृ पक्ष के 16 दिनों में श्रद्धापूर्वक तर्पण अवश्य करना चाहिए। भगवान परशुराम सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष सुरेंद्र पांडेय ने कहा कि शास्त्र ईश्वर का साक्षात संदेश हैं और इन्हीं के अनुसार जीवन जीकर श्रेष्ठ मानव बना जा सकता है। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष गजेन्द्र पांडेय ने सभी का आभार जताते हुए कहा कि भारत की पहचान सनातन संस्कृति से है और यह विश्व कल्याण का संदेश देती है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से मुनेन्द्र देव मिश्रा, रमेश तिवारी, पुरुषोत्तम शर्मा, ठाकुर राम कुमार सिंह चौहान, जगदीश चौहान, अमित शर्मा, आर्येन्द्र मिश्रा, बृज किशोर शर्मा, प्रमोद उपाध्याय, सुमित मिश्रा, राम निवास मिश्रा, काली चरण मिश्रा, प्रेम शंकर शर्मा, ठाकुर मुनेन्द्र सिंह चौहान, आनंद पाल सिंह चौहान समेत सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।