दशम द ग्रेट गणपति महोत्सव में 165 किलो लड्डू का भोग
बरेली। शिवाजी पार्क, जनकपुरी, राजेन्द्र नगर में ऑल इंडिया रियल फॉर कल्चरल एजुकेशनल वेलफेयर सोसायटी, माँ गंगा बचाओ वेलफेयर सोसायटी, महिला कल्याण समिति और भैरव सेवा संघ के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय दशम द ग्रेट गणपति महोत्सव धूमधाम से आयोजित हुआ।
संस्था के संस्थापक व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रजनीश सक्सेना, संरक्षक सी.एल. शर्मा और अनुपम कपूर के नेतृत्व में आयोजित इस भव्य महोत्सव का उद्घाटन झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने किया। जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधायक डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, भाजपा नेत्री श्रुति गंगवार, महापौर डॉ. उमेश गौतम, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार सहित कई गणमान्य अतिथि विभिन्न सत्रों में उपस्थित रहे।
महोत्सव में भगवान गणपति की 6.5 फीट ऊँची प्रतिमा की स्थापना आचार्य गोपाल कृष्ण मिश्रा ‘अंकुर ’ महाराज ने कराई। इस अवसर पर अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं, चिकित्सकों व शिक्षाविदों को “द ग्रेट बरेलियंस 2025” एवं समाजसेवा शिरोमणि सम्मान 2025 से अलंकृत किया गया।
कार्यक्रम में सामूहिक वंदना, भजन संध्या, शास्त्रीय नृत्य व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी को भावविभोर कर दिया। नृत्यांगना अग्रिमा सक्सेना और बाल अदाकारा रिदम चित्रवंशी की प्रस्तुति विशेष आकर्षण रही। हरजीत कौर व रवि सक्सेना के निर्देशन में गंगा व पर्यावरण संरक्षण पर आधारित नाटक ने दर्शकों को सोचने पर मजबूर किया।
अंत में संजू रस्तोगी के नेतृत्व में भव्य महाआरती हुई और बरेली के राजा गणपति को 165 किलो लड्डू का भोग लगाया गया।
डॉ. रजनीश सक्सेना ने कहा कि संस्था परिवार हमेशा भक्तिपूर्ण आयोजनों के माध्यम से “गंगा, गौ, बेटी, पर्यावरण और देश बचाओ” का संदेश समाज तक पहुँचाता रहेगा। उन्होंने रक्तदान को “महादान” मानते हुए इसे राष्ट्रीय स्तर पर अभियान का रूप देने की बात कही।
शुक्रवार सुबह 10 बजे भव्य शोभायात्रा के बाद रामगंगा नदी में गणपति विसर्जन के साथ महोत्सव का समापन होगा।













































































