बरेली। कस्तूरबा नगर निगम बालिका इंटर कॉलेज, बरेली की काफी समय से क्षतिग्रस्त एवं टूटी हुई दीवार को लेकर शिक्षणेत्तर कर्मचारी संयुक्त परिषद, बरेली के जिलाध्यक्ष हरी शंकर ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने छात्राओं, अध्यापिकाओं एवं विद्यालय के कर्मचारियों की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए नगर आयुक्त, नगर निगम बरेली को ईमेल के माध्यम से पत्र भेजकर क्षतिग्रस्त दीवार का तत्काल निर्माण कराए जाने की मांग की है। जिलाध्यक्ष हरी शंकर ने अपने ईमेल पत्र में कहा कि विद्यालय की दीवार लंबे समय से टूटी हुई होने के कारण विद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। दीवार क्षतिग्रस्त होने से असामाजिक तत्वों के विद्यालय परिसर में प्रवेश करने की आशंका बनी रहती है, जो छात्राओं एवं विद्यालय स्टाफ की सुरक्षा के लिए गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि बालिका विद्यालय होने के कारण यहां सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। किसी अप्रिय घटना के बाद कार्रवाई करने के बजाय उससे पहले ही आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करना नगर निगम एवं संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। हरी शंकर ने नगर आयुक्त से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए विद्यालय की क्षतिग्रस्त दीवार का तत्काल स्थलीय निरीक्षण कराकर प्राथमिकता के आधार पर निर्माण कार्य कराया जाए, ताकि विद्यालय परिसर सुरक्षित हो सके और छात्राओं, अध्यापिकाओं एवं कर्मचारियों में सुरक्षा का विश्वास कायम रहे। उन्होंने उम्मीद जताई कि नगर आयुक्त द्वारा छात्राओं की सुरक्षा से जुड़े इस महत्वपूर्ण मामले में शीघ्र संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।