बरेली। शिवसेना की नाथ नगरी बरेली इकाई की ओर से 22 वर्षों से चली आ रही परंपरागत सप्तनाथ जलाभिषेक परिक्रमा का आयोजन किया गया। सोमवार सुबह अलखनाथ मंदिर में प्रथम जलाभिषेक के साथ परिक्रमा की शुरुआत हुई। इस दौरान हजारों शिवसैनिकों ने हर-हर महादेव के जयघोष के साथ परिक्रमा में भाग लिया। कार्यक्रम में शिवसेना प्रदेश प्रमुख ललित मोहन शर्मा तथा यूपी ओबीसी मोर्चा प्रदेश प्रमुख एवं विधानसभा चुनाव प्रभारी अमरजीत गुर्जर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। शिवसैनिकों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सप्तनाथ मंदिरों की परिक्रमा की। परिक्रमा के दौरान पूरे मार्ग पर हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे।जिला प्रमुख दीपक पाठक ने बताया कि सप्तनाथ जलाभिषेक परिक्रमा की परंपरा 26 जुलाई 2004 को करीब 50 शिवसैनिकों के साथ शुरू की गई थी। उन्होंने बताया कि इसी पहल के माध्यम से बरेली को ‘नाथ नगरी’ नाम देने का अभियान शुरू किया गया था। इस वर्ष यह परंपरा 23वें वर्ष में प्रवेश कर गई है।उन्होंने कहा कि शिवसेना का उद्देश्य बरेली को ‘नाथ नगरी’ के नाम से पहचान दिलाना है। परिक्रमा में शिवसैनिकों में खासा उत्साह देखने को मिला।इस अवसर पर विश्व प्रताप सिंह, विजय बाबू गुप्ता, अविनाश मिश्रा, जितेंद्र भदौरिया, देवेंद्र यादव, मुकेश चौहान, अनिल मोहन सक्सेना, नवीन सक्सेना, सोनू सिंह, अनिल भारती, आयुष वर्मा, मनोज कुमार, रूबी मिश्रा, आरती तिवारी, प्रभजोत कौर, मधु पाठक, खुशबू सक्सेना सहित बड़ी संख्या में शिवसैनिक मौजूद रहे।