बरेली। बरेली के मशहूर रेडियो जॉकी, शायर एवं नौहेख्वान जीशान हैदर बरेलवी इन दिनों चार देशों की यात्रा पर हैं। अरबईन यानी इमाम हुसैन के चेहलुम के मौके पर वह इराक पहुंचे, जहां उन्होंने नजफ, सामर्रा, काजमैन और करबला में विभिन्न पवित्र स्थलों की जियारत की।जीशान ने नजफ में इमाम अली अलैहिस्सलाम के रौजे की जियारत की। इसके बाद करबला पहुंचकर इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम, उनके 72 शहीदों और अन्य अहलेबैत के मुकद्दस रौजों पर हाजिरी दी। इराक यात्रा के बाद जीशान और उनके परिवार के कई सदस्य इन दिनों ईरान में हैं, जहां विभिन्न इमामजादों और इमामजादियों के रौजों की जियारत कर रहे हैं। जीशान ने बताया कि वह अपने जद आठवें इमाम अली रजा अलैहिस्सलाम के रौजे की जियारत के लिए मशहद भी जाएंगे। यात्रा के दौरान वह भारतीय मुस्लिम की पहचान कायम रखते हुए तिरंगा लेकर करबला पहुंचे। वहां उन्हें कई स्थानों पर ‘हिन्दी’ कहकर विशेष सम्मान दिया गया।रेडियो और मंचीय कार्यक्रमों से जुड़े होने के कारण ईरान और इराक में जीशान को कई कार्यक्रमों में मंच पर आमंत्रित किया गया, जहां उन्होंने अपने विचार रखे। उनके इस प्रयास की लोगों ने सराहना की और उन्हें तबर्रुकात भी भेंट किए। जीशान ने बताया कि करीब 24 दिन की यात्रा के बाद 22 जुलाई को मस्कट से उनकी फ्लाइट नई दिल्ली के लिए है। इसके बाद वह बरेली लौटेंगे। यात्रा को लेकर उनके परिवार और परिचितों में भी उत्साह है।