बरेली । फतेहगंज पश्चिमी कस्बे के मोहल्ला नई बस्ती निवासी 55 वर्षीय लईक अहमद रविवार दोपहर छुट्टा पशु के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद राहगीरों ने किसी तरह उन्हें पशु से बचाया।परिजनों के अनुसार लईक अहमद रविवार दोपहर कस्बे की सब्जी मंडी में सब्जी खरीदने के लिए गए थे। इसी दौरान पीछे से आए एक छुट्टा पशु ने अचानक उन पर हमला कर दिया। पशु के हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद राहगीरों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह उन्हें पशु से बचाया।स्थानीय लोगों के मुताबिक फतेहगंज पश्चिमी कस्बे में छुट्टा पशुओं की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। सड़क, बाजार और सार्वजनिक स्थानों पर बड़ी संख्या में पशु घूमते नजर आते हैं। इनके कारण आए दिन राहगीरों और दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि कई बार छुट्टा पशु लोगों पर हमला कर चुके हैं, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।