शिव देवी सरस्वती शिशु मन्दिर में हर्षोल्लास से मनाया गया शिक्षक दिवस
बदायूं। विद्या भारती विद्यालय शिव देवी सरस्वती शिशु मन्दिर सिविल लाइन्स में आज डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयन्ती शिक्षक दिवस के रूप में पूर्ण हर्षोल्लास से मनाई गई। छात्र-छात्राओं ने शिक्षक दिवस पर अपने विचार प्रकट किये, वहीं अनेक भैया बहिनों ने अपने गुरुजनों को उपहार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का प्रारंभ वन्दना वेला में माँ सरस्वती के दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता आचार्य लालाराम वर्मा, कार्यक्रम अध्यक्ष सुबोध कुमार मिश्रा एवं प्रधानाचार्य सुशील कुमार ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र के समक्ष सामूहिक रूप से पुष्पार्चन कर कार्यक्रम को गति प्रदान की। प्रारंभ में विद्यालय के अनेक भैया बहिनों ने डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन पर प्रकाश डाला, वहीं मुख्य वक्ता लालाराम वर्मा ने डा. सर्वपल्ली के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक ही राष्ट्र का निर्माता है। इसलिए समाज में शिक्षक का सर्वोपरि स्थान है। प्रधानाचार्य सुशील कुमार ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षक सदैव ही अपने शिष्य का भला चाहता है। इसलिए शिक्षक का हर पल सम्मान होना चाहिए। अंत में कार्यक्रम के अध्यक्ष सुबोध कुमार मिश्रा मे सभी को आशीर्वचन प्रदान करते हुए कहा कि हम डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन से प्रेरणा लें और अपने जीवन में ऊँचाइयों को छुएं। कार्यक्रम समापन के समय भैया बहिनों ने विद्यालय के समस्त आचार्य/आचार्या स्टाॅफ को लाल व नीले कलम देकर सम्मानित किया। वहीं कुछ भैया बहिनों ने गुरुजनों को केक खिलाकर सम्मान किया। कार्यक्रम का संचालन कौशल किशोर पाठक ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के आचार्य भोलेनाथ पाठक, रूपेंद्र सिंह, राकेश मिश्रा, नरेश पाल सिंह, निरंजन सिंह, अविलेश, जयप्रकाश यादव, राजकुमार गोला, मुकेश तिवारी, देवेंद्र सिंह, राजीव कुमार सिंह, आयुषी, पुष्पा श्रीवास्तव, पूनम सिंह, पूजा शर्मा, अंचल पाठक, कंचन गुप्ता, प्रियंका सिंह, ज्योत्स्ना सिंह, रिया राजपूत एवं सुमन शर्मा आदि उपस्थित रहे।













































































