बरेली। शासन के निर्देशों के क्रम में “नो हेल्मेट, नो फ्यूल” अभियान को लेकर यातायात पुलिस ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक यातायात मोहम्मद अकमल के निर्देशानुसार चारों जोनों में जोन प्रभारी/सहायक जोन प्रभारी के नेतृत्व में यातायात पुलिस टीमों ने पेट्रोल पंपों पर अभियान को प्रभावी ढंग से लागू कराया। अभियान के तहत पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित किया गया कि बिना हेल्मेट दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल न दिया जाए। इसके लिए यातायात पुलिस की टीमें पेट्रोल पंपों पर मौजूद रहीं और संचालकों को हर संभव सहयोग प्रदान किया। यातायात पुलिस ने आमजन को हेल्मेट लगाने के लिए प्रोत्साहित करते हुए जागरूक भी किया। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और दुर्घटनाओं में कमी लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।