बरेली। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के तत्वाधान में कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों और शिक्षकों को साझा संकल्प लेना था। अत्यधिक वर्षा के दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी द्वारा कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालय बंद होने के कारण कार्यक्रम का आयोजन व्यापक स्तर पर नहीं हो सका। किंतु शिक्षकों का उत्साह और समर्पण बना रहा। जनपद के सभी माध्यमिक संवर्ग के सभी विद्यालयों में कार्यक्रम संपादित हुए। शिक्षकों और विद्यार्थियों ने एक साथ उदघोष कर हमारा विद्यालय हमारा स्वाभिमान के अंतर्गत पंच संकल्प लिए। हम सब मिलकर यह संकल्प लेंगे कि विद्यालय केवल भवन नहीं है अपितु संस्कारों का तीर्थ है जिसे हम राष्ट्र धन मानते हुए संरक्षण करेंगे, हरित बनायेंगे, और अनुशासित रहेंगे। यह संकल्प शिक्षा के उद्देश्य का संवाहक एवं संवर्धक बनेगा जिससे चरित्र निर्माण, व्यक्ति निर्माण एवं राष्ट्र के पुनर्निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उत्तर प्रदेश की प्रदेश संयुक्त मंत्री प्रियंका शुक्ला ने जय नारायण सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में उपस्थित होकर इस राष्ट्र गौरव के संकल्प की साक्षी बनी। प्रधानाचार्य रवि शरण सिंह चौहान ने सभी विद्यार्थियों को पांच संकल्प को चरितार्थ करते हुए संकल्प दिलाया राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज , गुरु नानक खालसा इंटर कॉलेज, मनोहर भूषण इंटर कॉलेज में उत्साह वर्धन के साथ संकल्प लिया गया।