बरेली। सिविल डिफेंस के उपनियंत्रक राकेश मिश्र के निर्देश एवं डिप्टी चीफ वार्डन रंजीत वशिष्ठ के प्रोत्साहन पर अलखनाथ डिवीजन द्वारा कान्ति कपूर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में बहुदिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।वरिष्ठ सहायक उपनियंत्रक प्रमोद डागर ने विद्यालय की छात्राओं को आग बुझाने की तकनीक का प्रशिक्षण दिया तथा आपदा प्रबंधन पर विस्तार से जानकारी प्रदान की। उन्होंने प्राकृतिक व मानवजनित आपदाओं के प्रकार, आपदा के दौरान बचाव के उपाय, घायलों को सुरक्षित निकालने और प्राथमिक उपचार की विधियों का अभ्यास व प्रदर्शन कराया। प्रशिक्षण में आई.सी.ओ. नीतू द्विवेदी, सेक्टर वार्डन शंकर शर्मा व सक्षम शर्मा ने सक्रिय सहयोग दिया। कार्यक्रम के उपरांत डिविजनल वार्डन अंजय अग्रवाल ने स्कूल प्रबंधन, प्रधानाचार्य, शिक्षिकाओं, प्रशिक्षक प्रमोद डागर व सहयोगी वार्डनों का आभार व्यक्त किया।