बरेली। थाना बारादरी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक शातिर तस्कर को 40 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग चार लाख रुपये बताई जा रही है। यह गिरफ्तारी पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी नगर तृतीय के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत की गई। थाना बारादरी पुलिस टीम रात्रि गश्त पर थी, इसी दौरान हजियापुर स्थित सकलैनी नगर से साहिब पुत्र आरिफ को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त की उम्र लगभग 22 वर्ष है और वह मूलतः ग्राम धर्मपुरा थाना शीशगढ़ का निवासी है, जबकि वर्तमान में सकलैनी मदरसा के पास हजियापुर थाना बारादरी में रह रहा था। रात्रि चेकिंग के दौरान जब पुलिस टीम अशोक सम्राट नगर क्षेत्र में गश्त कर रही थी, तभी एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया और तलाशी लेने पर उसके पास से 40 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इस पर एन.डी.पी.एस मुकदमा पंजीकृत किया। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक धनंजय पांडेय , उपनिरीक्षक सनी चौधरी प्रभारी चौकी रूहेलखण्ड , हेका आशीष कुमार मिश्र , कांस्टेबल यश गौड़, संदीप कुमार , आदित्य प्रताप सिंह मौजूद थे।