15 जुलाई को बदायूं में जुटेंगे 28 राज्यों के उत्कृष्ट शिक्षक

बदायूं। जन दृष्टि (व्यवस्था सुधार मिशन) के तत्वावधान मे देश के महान शिक्षक स्व सन्त पाल सिंह राठोड़ की ग्यारहवीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित होने वाले १०वें संतपाल सिंह राठौड़ स्मृति राष्ट्रीय सम्मान समारोह २०२५ का आयोजन प्रभाशंकर मेमोरियल स्काउट भवन में १५ जुलाई को ११ बजे आयोजित किया जाएगा। सम्मान समारोह में २८ राज्यों के उत्कृष्ट शिक्षक सहभागिता करेंगे। कार्यक्रम के मुख्य संयोजक जन दृष्टि व्यवस्था सुधार मिशन के अध्यक्ष हरि प्रताप सिंह राठौड़ एडवोकेट ने बताया कि संगठन की ओर से प्रतिवर्ष देश के महान शिक्षक स्व सन्त पाल सिंह राठोड़ की स्मृति में सम्मान समारोह का आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर किया जाता है, संगठन द्वारा वर्ष २०१६ से वर्ष २०२४ तक १२०० से अधिक शिक्षकों को संतपाल सिंह राठोड़ स्मृति राष्ट्रीय उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है। गौरव और गर्व का विषय है कि संगठन द्वारा सम्मानित अधिकांश शिक्षक राज्यपाल व राष्ट्रपति से भी सम्मान प्राप्त कर चुके हैं। इस वर्ष देश के २८ राज्यों से १२५ शिक्षक निर्णायक मंडल द्वारा चयनित किए गए हैं इसी प्रकार देश के राष्ट्र भाषा हिंदी के उन्नयन के लिए कार्य करने वाले ११ महानुभावों को सन्तपाल सिंह राठोड़ स्मृति भारतीय हिन्दी सेवी सम्मान २०२५, पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्य करने वाले ११ महानुभावों को सन्त पाल सिंह राठोड़ स्मृति प्रकृति प्रहरी अलंकरण २०२५, समाजसेवा के क्षेत्र में कार्य करने वाले ११ महानुभावों को सन्तपाल सिंह राठौड़ स्मृति समाजसेवी सम्मान २०२५ तथा नारी सशक्तिकरण के क्षेत्र में सक्रिय ११ महिलाओं को सन्त पाल सिंह राठोड़ स्मृति नारी शक्ति अलंकरण २०२५ से विभूषित किया जाएगा। राठौड़ ने बताया कि सम्मान समारोह को भव्य रूप देने के लिए सभी राज्यों के संयोजक सक्रिय हैं साथ ही शीर्ष समिति और संयोजक मंडल की नियमित ऑनलाइन बैठके आयोजित हो रही है। समारोह में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, कर्नाटक, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, केरल, तमिलनाडु, गोवा, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, असम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, जम्मू कश्मीर, आंध्र प्रदेश, उड़ीसा , तेलंगाना, त्रिपुरा, मणिपुर , सिक्किम व उत्तर प्रदेश के १७५ महानुभावों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त समारोह में प्रसिद्ध शिक्षाविद, जनप्रतिनिधिगण अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। राठौड़ ने बताया कि १५ जुलाई को ग्राम नवीगंज स्थित स्व सन्त पाल सिंह राठोड़ के समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित किए जाएंगे तथा संगठन के पदाधिकारी व स्व सन्त पाल सिंह राठोड़ के अनुयाई प्रात: उनकी स्मृति में देश भर में वृक्षारोपण करेंगे। १३ जुलाई की रात्रि से शिक्षकों का आगमन प्रारंभ हो जाएगा। शीर्ष समिति में सह संयोजक के रूप में पल्लवी शर्मा, मधु प्रिया चव्हाण तथा सदस्य के रूप में शैलेश भाई प्रजापति गुजरात, नुरुल होदा बिहार, दीपक पंड्या राजस्थान, धर्म चन्द्र हरियाणा, युद्धवीर टंडन हिमाचल प्रदेश , नंदी बहुगुणा उत्तराखंड को स्थान दिया गया है। इसी प्रकार देश के २८ राज्यों में संयोजक नामित किए गए हैं , राज्य संयोजकों के माध्यम से तीस मई तक आवेदन प्रक्रिया चली तदंतर निर्णायक मंडल के सदस्य गण आचार्य प्रताप सिंह, डॉ उमा गौर तथा रघुपाल सिंह द्वारा सम्मान प्राप्त करने वाले शिक्षकों की सूची को अंतिम रूप दिया गया।