मथुरा पुलिस को मिली 13 नई स्कॉर्पियो, हादसों और अपराधों पर 6 मिनट में पहुंचेगी मदद
मथुरा।
अब मथुरा में किसी भी हादसे या अपराध की सूचना पर पीड़ितों को जल्द मदद मिल सकेगी। शासन ने मथुरा पुलिस को 13 नई स्कॉर्पियो वाहन उपलब्ध कराए हैं, जिन्हें मंगलवार को पुलिस लाइन से डायल 112 के बेड़े में शामिल किया गया। इन हाईटेक वाहनों को पुलिस अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। डायल 112 सेवा को मजबूत करने के उद्देश्य से एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत, एसपी क्राइम अवनीश कुमार, एसपी ट्रैफिक मनोज कुमार यादव व यूपी डायल 112 के प्रभारी पहलवान सिंह ने एक समारोह में सभी 13 स्कॉर्पियो को रवाना किया।
अब डायल 112 पर रिस्पॉन्स समय घटकर होगा 6 मिनट
शासन से मिले स्कॉर्पियो से डायल 112 सेवा में आएगा बड़ा बदलाव नोडल अधिकारी एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने जानकारी दी कि अब तक मथुरा जिले में डायल 112 के अंतर्गत कुल 90 पीआरवी वाहन संचालित हो रहे थे, जिनमें 63 चारपहिया और 27 दोपहिया वाहन शामिल थे। 13 नई स्कॉर्पियो के शामिल हो जाने से अब पीआरवी वाहनों की संख्या बढ़कर 103 हो गई है।
उन्होंने बताया कि अभी तक सूचना मिलने के बाद पीआरवी वाहन औसतन 6 मिनट 30 सेकंड में घटनास्थल पर पहुंचते थे, लेकिन अब नए वाहनों की मदद से यह समय 6 मिनट या उससे कम किया जा सकेगा। जल्द ही एक रणनीति के तहत इसे और भी बेहतर बनाने की योजना है।
हाईटेक सिस्टम से लैस हैं नई स्कॉर्पियो गाड़ियां
GPS, मोबाइल डिवाइस, कैमरे और फॉरेंसिक किट से होंगी लैस
नई स्कॉर्पियो गाड़ियां न सिर्फ तेज स्पीड और मजबूत बनावट के लिए जानी जाती हैं, बल्कि ये तकनीकी रूप से भी अत्याधुनिक हैं। हर वाहन में जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम, घटनास्थल की रिकॉर्डिंग के लिए कैमरे, एमडीटी मोबाइल डिवाइस, और प्राथमिक फॉरेंसिक किट जैसे उपकरण लगाए गए हैं। इससे न केवल अपराधियों पर कार्रवाई में मदद मिलेगी, बल्कि अपराध स्थल को सुरक्षित रखने और जांच को तेजी से आगे बढ़ाने में भी लाभ होगा।
शहर से लेकर ग्रामीण थानों तक बांटी गई स्कॉर्पियो
कोतवाली व रिफाइनरी सहित नौहझील, राया, छाता आदि को मिलीं गाड़ियां
एसपी देहात के अनुसार, 13 में से दो स्कॉर्पियो गाड़ियां शहर सर्किल को दी गई हैं, जिनमें कोतवाली और रिफाइनरी थाना को एक-एक वाहन प्राप्त हुआ है। इसके अलावा नौहझील, राया और छाता थानों को दो-दो गाड़ियां, जबकि बरसाना, कोसीकलां, मगोर्रा व गोवर्धन थानों को एक-एक स्कॉर्पियो दी गई है।













































































