इश्क के लिए पति ने पकड़ लिया 11 हजार वोल्टेज का तार बेइंतहा प्यार साबित करने के लिए
शामली। कई लोग तो इश्क के लिए अपने जान की बाजी भी लगा देते हैं. यहां एक पति ने पत्नी को मायके से वापस बुलाने के लिए 11,000 हाई वोल्टेज बिजली का तार पकड़ लिया. हालांकि, इसके बाद भी पत्नी घर आने को राजी नहीं है. ऐसे में पीड़ित ने एसपी से गुहार लगाई है. करीब 7 साल पहले नदीम को पास के ही कस्बा कांधला की रहने वाली एक युवती साइमा से प्रेम हो गया. 7 साल के प्रेम के बाद पिछले साल दोनों का निकाह हो गया. इसी बीच कुछ दिन पहले पत्नी नदीम को छोड़कर अपने मायके चली गई. जब नदीम ने उसे वापस आने के लिए कहा, तो पत्नी ने नदीम की ही परीक्षा लेनी शुरू कर दी.
उसने नदीम से पूछा कि वह उसके लिए क्या कर सकता है. इस पर नदीम ने कहा कि वह उसके लिए अपनी जान भी दे सकता है. बस फिर क्या पत्नी ने नदीम से 11,000 का हाई वोल्टेज बिजली का तार पकड़ने की शर्त रख दी. पत्नी के प्रेम में पागल नदीम ने बिजली का तार पकड़ लिया, जिससे नदीम की जान तो बच गई लेकिन घटना में उसके दोनों हाथ कट गए.
ऐसे हुआ था प्यार
पीड़ित नदीम ने बताया कि मेरी एक मीट की दुकान थी. वह उस पर कुछ ना कुछ खाने आती थी. इस तरह वह जब दुकान पर आने लगी तो उससे मुझे प्यार हो गया. उसके घर वालों से बात करके फिर हमारे बीच शादी हो गई. लेकिन किसी वजह से वह अपने घर चली गई. अब वापस नहीं आ रही थी. जब फोन पर बात की, तो उसने शर्त रखनी शुरू कर दी. शर्त के चलते नदीम ने 11,000 वोल्टेज की तार पकड़ ली और अपने दोनों हाथ गंवा बैठा.
पत्नी को देखकर गुजार लूंगा पूरी उम्र
इस घटना के बावजूद भी साइमा के परिजन उसे नदीम के साथ भेजने के लिए तैयार नहीं हैं. इसके बाद नदीम अपनी पत्नी को मायके से बुलाने के लिए एसपी के दरबार में गुहार लगाने पहुंचा. नदीम ने प्रार्थना पत्र देकर ससुराल वालों से गाली गलौज व मारपीट का आरोप लगाया. नदीम ने बताया कि वह अपनी पत्नी से बेहद प्यार करता है और वह सारी उम्र उसका चेहरा देखकर गुजार लेगा.













































































