उझानी में विवाहिता की धारदार हथियार से हत्या,ससुरालीजनों पर लगाया हत्या का आरोप
उझानी।कोतवाली क्षेत्र के गांव में बीती रात ससुरालीजन ने घर में सो रही विवाहिता पर धारदार हथियार से वार करने के बाद ईंट-पत्थर से सिर कुचलकर मौत के घाट उतार दिया।घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस व आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।वहीं हत्या के बाद ससुरालीजन फरार हो गये।विवाहिता की मौत की खबर सुन मौके पर पहुंचे मायके पक्ष ने ससुरालियो पर दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।
मंगलवार की रात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अमीरगंज निवासी जसवीर (32) पुत्र शिव सहाय की शादी पाँच-छः साल पहले थाना उसहैत के रैपुरा निवासी मोरपाल की पुत्री सोनावती (30) के साथ हुई थी।बीती रात दहेज की मांग पूरी न होने पर सोनावती के ससुरालियों ने सोते समय धारदार हथियार से वार कर सिर को ईंट-पत्थर से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया।घटना की सूचना मिलने पर कोतवाल विशाल प्रताप सिंह,कछला चौकी इंचार्ज रजनीश कुमार मय फोर्स के घटनास्थल पर पहुंचे और आला अधिकारियो को घटना की जानकारी दी।सूचना मिलने पर एसपी सिटी प्रवीण कुमार सिंह,सीओ गजेंद्र श्रोत्रिय मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया।मायके पक्ष को जब सोनावती की मौत की खबर मिली तो मायके पक्ष के लोग रोते-बिलखते पहुंचे।वहीं मृतका सोनावती की माँ अनीता देवी ने ससुरालियों पर आरोप लगाते हुए बताया कि शादी के बाद से ही मृतका सोनावती का पति जसवीर उसका देवर धर्मेद्र व सास सुशीला दहेज की मांग करने लगे।

दहेज की मांग पूरी न होने पर वह उसे मारते-पीटते व तरह-तरह से प्रताड़ित करते थे।मृतका की माँ ने ससुरालियो पर आरोप लगाते हुए बताया कि दहेज की माँग पूरी न होने पर सोनावती की हत्या उसके पति जसवीर,देवर धर्मेंद्र व सास सुशीला ने मिलकर बेदर्दी के साथ कर दी।कोतवाल विशाल प्रताप सिंह ने बताया कि सोनावती की हत्या लोहे की सरिया व सिर में ईंट मारकर की गई।मृतका की माँ अनीता देवी की तहरीर पर मृतका के पति जसवीर,देवर धर्मेंद्र व सास सुशीला के खिलाफ धारा 304 बी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।साथ ही तीनों की तलाश की जा रही है।













































































