पीड़ित किसान ने दी आत्मदाह की धमकी बिल्सी। दंबगों द्वारा किसान और गरीबों की भूमि पर अवैध कब्जा किए जाने के मामले प्रदेश की योगी सरकार में भी कम होने के नाम नहीं ले रहे है। जिससे पीड़ितों में रोष है। इसी के चलते तहसील क्षेत्र के गांव मिश्रीपुर मुकईया के एक किसान ने भूमि से अवैध कब्जा न हटवाए को लेकर आत्मदाह की धमकी दी है। जिससे तहसील प्रशासन में खासा हड़कंप मच गया है। तहसील क्षेत्र के गांव मिश्रीपुर मुकईया निवासी दीपचन्द्र पुत्र श्री सालिकराम ने बीते दिन एसडीएम को दिए प्रार्थना में कहा है कि उसकी एकमात्र कृषि भूमि आराजी ग्राम अगौल में स्थित है। जिसकी गाटा संख्या-606 मि0 रकवा 0.244 हे0 है। उक्त भूमि पर नगर के मोहल्ला संख्या दो निवासी एवं दंबग रमेश और सुरेश चंद्र ने अवैध कब्जा कर लिया है। उक्त लोगों से अपनी जमीन वापस करने की मांग की तो उन्होने उसके साथ मारपीट की तथा गाली गलौज की। पीड़ित ने इसकी शिकायत कई बार पुलिस और तहसील के अधिकारियों से की। मगर किसी भी अधिकारी ने उसकी शिकायत पर कोई कार्यवाही नहीं की। उक्त दंबग लोग राजनैतिक रसूख के चलते पिछले कई वर्षों से प्रार्थी की जमीन पर अवैध कब्जा बनाए हुए है। वह बहुत ही गरीब व्यक्ति है तथा बहुत मुश्किल से अपनी इसी भूमि से अपनी जीविका चला रहा है। उस पर परिवार की तमाम जिम्मेदारियों है। आय का एकमात्र साधन अर्थात प्रार्थी की जमीन दबंगों के कब्जे में होने के कारण वह अपनी जिम्मेदारियों का निर्वाहन करना बहुत मुश्किल लग रहा है। पीड़ित दीपचंद्र मौर्य ने भूमि पर हुए कब्जे को शीघ्र मुक्त न कराए जाने की स्थिति में परिवार सहित आत्मदाह करने की धमकी दी है। जिससे तहसील प्रशासन में हड़कंप मच गया है। इधर एसडीएम आरबी सिंह ने बताया कि उक्त प्रकरण उनके संज्ञान में आया है। रविवार को गांव में राजस्व और चकबंदी की संयुक्त टीम जाकर मौके की स्थिति का अवलोलन कर पीड़ित की समस्या का समाधान करेगी।