एसडीएम-सीओ का शराब की दुकानों पर छापा बिल्सी। अलीगढ़ में जहरीले शराब पीने से दर्जनों लोगों की मौत की घटना के बाद पूरा प्रदेश हिल गया है। इसी घटना को लेकर आज शनिवार को एसडीएम आरबी सिंह और सीओ अनिरुध्द सिंह ने नगर की शराब की दुकानों पर संयुक्त रुप से छापा मारा। नगर के मुख्य बंबा चौराहा दुकान पर स्टॉक रजिस्टर नहीं मिलने पर दुकान को बंद कर दिया। इस कार्रवाई से शराब की दुकान चलाने वालों में खलबली मची हुई है। बीते दिन अलीगढ़ में जहरीली शराब पीने से कई लोगों की मौत हो चुकी है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अवैध शराब का धंधा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए प्रशासनिक अधिकारियों कोनिर्देश दिए हैं। इसी क्रम में आज दोपहर एसडीएम आरबी सिंह और सीओ अनिरुद्ध सिंह बिल्सी नगर की पांच, दो नरैनी चौराहा, एक दिधौनी समेत 13 शराब की दुकानों पर छापा मारा। एसडीएम ने बताया कि दुकान संचालकों द्वारा मौके पर स्टॉक रजिस्टर नहीं दिया गया। इससे दुकानों पर भारी अनियमितता की आंशका जाहिर होती है। स्टॉक रजिस्टर नहीं है तो शराब कैसे बेची जा रही है। इसी आरोप में सभी 13 दुकानों को तत्काल बंद करा दिया गया। स्टॉक रजिस्टर उपलब्ध कराने के बाद दुकान में मौजूद शराब का मिलान किया जाएगा। साथ ही उचित समन शुल्क भी वसूला जाएगा। कमी मिलने पर कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी। एसडीएम ने कहा है कि अवैध तरीके से शराब की बिक्री करने वालों को किसी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। एसडीएम और सीओ की कार्रवाई से शराब की दुकान संचालकों में काफी खलबली मच गई है। वहीं शराबियों के सामने पीने का संकट भी नजर आने लगा है।