हापुड़। भाजपा द्वारा गन्ना सहकारी समितियों के लिए तीनों सीटों पर प्रत्याशियों के नाम का एलान शनिवार को कर दिया गया है। भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश तोमर ने धौलाना से उपेंद्र राणा, हापुड़ से कुणाल चौधरी और सिंभावली से जितेंद्र पाल को प्रत्याशी बनाया गया है। 23 सितंबर को जिले की तीनों गन्ना समितियों के लिए चुनाव का आधिकारिक बिगुल बजेगा। वहीं, सपा ने अभी अपने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान नहीं किया है। जल्द ही सपा की सूची आने की भी उम्मीद है। चुनाव में करीब 65 हजार मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। करीब सात साल बाद जनपद में चुनाव होने जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र के किसान सीधे इस चुनाव से जुड़े होते हैं। इन समितियों के माध्यमों से बड़ा लाभ किसानों को दिया जाता है। इसलिए चुनाव में भाग लेने के इच्छुक लोग बड़े स्तर पर तैयारी करते हैं। चुनाव बहुत अधिक महत्वपूर्ण होने के कारण अब भाजपा ने भी चुनावी बिसात बिछाई है। इस चुनाव के लिए जनपद में हापुड़, सिंभावली और धौलाना में तीनों समितियों पर वोट डाले जाएंगे। तीनों ही समितियों में अलग-अलग 11-11 डायरेक्टर और फिर इनके द्वारा अलग-अलग ही चेयरमैन भी चुने जाएंगे। इस चुनाव को लेकर भाजपा और सपा ही शुरू से सक्रिय नजर आ रहे हैं। दोनों ही दल सभी डायरेक्टर और चेयरमैन पद पर चुनाव लड़ाने की तैयारी कर रहे थे। हालांकि, चुनाव के लिए भाजपा और सपा की तरफ से सिंबल नहीं दिया जाएगा। पार्टी मात्र प्रत्याशी का समर्थन करेंगी। इस चुनाव में गन्ना किसानों की बड़ी भूमिका रहती है। सत्ताधारी दल का अहम रोल चुनाव में होता है। विधानसभा क्षेत्र चुनाव की तैयारियों से जोड़कर भाजपा इसे देख रही है। इसलिए ही सबसे अधिक जोर कार्यकर्ताओं को निर्विरोध डायरेक्टर और चेयरमैन बनाने पर है।