चंदौसी के जीनियस गर्ल्स स्कूल में हिंदी दिवस ऑनलाइन मनाया गया
चंदौसी । जीनियस गर्ल्स स्कूल में वर्षा अवकाश के बाद भी हिंदी दिवस ऑनलाइन मनाया गया । कार्यक्रम का शुभारंभ ट्रस्टी शोभा वार्ष्णेय ने दीप प्रज्जवलन करके किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय कवि माधव मिश्रा एवं अध्यक्षता स्कूल चेयरमैन पवन कुमार गुप्ता ने की। स्कूल की ओर से संकल्प लिया गया कि अंग्रेजी माध्यम का स्कूल होने के बाबजूद भी हिंदी पढ़ने , लिखने और बोलने में छात्राओं को पारंगत बनाएंगे । चंदौसी के जीनियस गर्ल्स स्कूल में 14 सितंबर को हिंदी दिवस मनाने की तैयारियां कई दिनों से चल रहीं थी । अचानक भारी वर्षा की चेतावनी पर जिलाधिकारी द्वारा 14 सितंबर का अवकाश घोषित कर दिया गया । इससे पहले कि हिंदी दिवस मनाने की तैयारियां धराशाही होती , अध्यापिकाओं ने स्कूल निदेशक के निर्देश पर सभी छात्राओं को ऑनलाइन जोड़ लिया । छात्राओं ने भी हिंदी भाषा का जीवन में महत्व को समझने में पूरी रुचि दिखाई ।

बताया गया कि जो भी हिंदी में पढ़ा लिखा जा सकता है , वही बोला भी जाए और दैनिक जीवन के व्यवहार में लाया जाए । मुख्य अतिथि कवि माधव मिश्रा ने हिंदी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पूरी दुनिया में तीसरे नंबर पर बोली जाने वाली भाषा हिंदी है और पूरी दुनिया में 100 करोड लोग हिंदी भाषी हैं ।अकेले भारत में ही 69 करोड लोग हिंदी बोलते हैं। उन्होंने हिंदी भाषा को वैज्ञानिक भाषा बताते हुए आगामी पीढियों को हिंदी पढ़ाने पर जोर दिया । कार्यवाहक प्रधानाचार्य ने विद्यालय के उद्देश्य को बताया, शिक्षिका प्रज्ञा पाठक ने क्षेत्रीय बोली और हिंदी भाषा में अंतर बताते हुए स्वयं को पढ़ा लिखा दिखने को पढ़ी लिखी हिंदी भाषा के प्रयोग पर बल देने को कहा । उन्होंने घरों में भी बोली के स्थान पर हिंदी भाषा बोलने को ही हिंदी का सम्मान बताया । इस हिंदी दिवस पर रुदायन , नूरपुर पिनौनी, इस्लामनगर , बहजोई , चंदौसी शहर व देहात के घरों में बैठी अनेक छात्राओं ने हिंदी के वास्तविक महत्व को समझा । जीनियस स्कूल की महिमा ,आकांक्षा शर्मा , , शीतल पाल , दिति शर्मा , कोमल , मानसी , हिना, फरीन , नीलिमा,आयुषी, स्वाति ,आरती, भारती ने भी हिंदी राष्ट्रीय भाषा होने को अपना गर्व बताया ।













































































