उझानी। ब्लॉक उझानी क्षेत्र के गांव में इंटर के छात्र की बुखार आने से उपचार के दौरान मौत हो गई। गांव में फैल रहे बुखार के प्रकोप से ग्रामीण खासा परेशान हैं। वही बुखार से लगातार हो रही मौतों से ग्रामीणों में दहशत का आलम है। ब्लॉक उझानी क्षेत्र के गांव सकरी जंगल में सोमवार की सांय साढे 7 बजे के समीप बरेली के अस्पताल में बुखार आने से इंटर के छात्र वीरेश (18) पुत्र पन्नालाल की मौत हो गई । बुखार से गांव में लगातार हो रही मौतों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। यहां बताते चलें मृतक वीरेश के चाचा ने बताया कि वीरेश को पाँच – 6 दिन से बुखार आ रहा था । बुखार की दवा गांव से ही ले ली थी और चेकअप गांव में कराने पर टायफाइड बताया था । उन्होंने बताया कि रविवार को वीरेश को खून की उल्टी आई तो वह उसे लेकर उझानी पहुंचे जहां चिकित्सक ने उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिया। उन्होंने बताया वीरेश की हालत गंभीर देख राजकीय मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों ने वीरेश को सैफई और अलीगढ ले जाने को बोला तो वह उसे बरेली के एक प्राइवेट अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसके गुर्दे फेल बताए और बाद में चेकअप करने के बाद डेंगू बताया । वीरेश के चाचा कृपाल सिंह ने बताया रविवार साढे 7 बजे उनके भतीजे वीरेश की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। कृपाल सिंह ने बताया कि उनका 17 वर्षीय बेटा पंकज को बुखार आने के कारण आज बदायूं भर्ती कराया है। इस संबंध में जानकारी करने पर उझानी चिकित्साधिकारी डॉ० राजकुमार गंगवार ने बताया कि एक मौत हुई तो है सर्वे कराया है। डिटेल आनी बाकी है। टीम घर पर गई थी। गांव में कैम्प लगाकर चेकअप किये जा रहे हैं और दवाएं दी जा रही हैं।