कौशांबी। पिपरी कोतवाली क्षेत्र के सेवढ़ा गांव में शुक्रवार दोपहर यमुना नहाने गए सगे भाई समेत चार लोग गहरे पानी में समा गए। घाट पर मौजूद एक व्यक्ति के शोर मचाने पर पहुंचे स्थानीय गोताखोरों ने एक युवक को तो बचा लिया लेकिन सगे भाई व उनके चाचा के बेटे को नहीं बचा सके। एक ही परिवार के तीन सदस्यों का शव नदी से बाहर निकलते ही कोहराम मच गया। प्रयागराज के एयरपोर्ट में संविदा सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत लालचंद्र मूलरूप से कौशाम्बी जिले के सेवढ़ा गांव के रहने वाले हैं। वह घूमनगंज स्थित सरकारी आवास में परिवार के साथ रहते हैं। महीने भर पहले लालचंद्र का बड़ा बेटा रोहित (19) अपने छोटे भाई मोहित (18) के साथ गर्मी की छुट्टियां बिताने बाबा रामलखन के पास गांव आया था। शुक्रवार को करीब 11 बजे रोहित, मोहित अपने चाचा फूलचंद्र के बेटे सूरज के साथ घर से बिना बताए यमुना स्नान के लिए लिए निकले। उनके साथ गांव का नीतेश भी गया था। चारों लोग ऑटो से सेवढ़ा घाट पहुंचे और यमुना में नहाने लगे। नीतेश ने बताया दोपहर करीब दो बजे सूरज पैर फिसलने के कारण नदी में डूबने लगा। उसे डूबता देख रोहित, मोहित ौर वह बचाने के लिए आगे बढ़े तो वह भी डूबने लगे। घाट पर ही सेवढ़ा गांव का केशव अपनी भैंस को नहलाने गया था। उसने चारों को डूबता देखा तो शोर मचाते हुए सभी को बचाने के लिए नदी मे कूद पड़ा। नीतेश को तो उसने सकुशल बचा लिया लेकिन तीन लोगों का पता नहीं चल सका। शोरगुल होने पर पहुंचे स्थानीय मछुआरों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद एक-एक कर तीनों का शव बाहर निकाला। एक ही परिवार के सगे भाई समेत तीन सदस्यों की मौत से घाट पर परिजनों की चित्कार गूंज रही थी। एसडीएम चायल राहुल देव भट्ट भी फोर्स के साथ पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजना चाहा लेकिन घरवालों ने मना कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर लाश अंतिम संस्कार के लिए घरवालों को सौंप दी।