महराजगंज। मासूम बच्ची की मां के डीएम से मिलने के बाद पुलिस ने गंदी हरकत करने वाली मैम के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। हालांकि, मुकदमा नामजद नहीं दर्ज किया गया है। गंदी मैम अज्ञात ही है। लेकिन बच्ची की मां को न्याय की उम्मीद जगी है। बता दें कि नौतनवां कस्बे के एक निजी स्कूल में पढ़ने वाली बच्ची ने अपनी मां को बताया था कि स्कूल की छुट्टी के बाद उसकी मैम (शिक्षिका) ने उसे बॉथरूम में ले जाकर उसके साथ गंदी हरकत की थी। इसके बाद बच्ची की मां ने पुलिस में शिकायत करके आरोपी मैम के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस जांच के नाम पर टालमटोल कर रही थी। कार्रवाई न होता देख बच्ची की मां ने मुख्यमंत्री और महिला आयोग को पत्र भेजा था। स्कूल की प्रिंसिपल से भी मिली थी। इसके बाद पुलिस ने कहा था कि सीसीटीवी फुटेज में कुछ भी नहीं दिखा है। स्कूल का स्टाफ भी आरोपी शिक्षिका को नहीं पहचान पा रहा है। फिर मासूम की मां जिलाधिकारी के पास जाकर पूरी बताई थी। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और केस दर्ज किया है। थाना अध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में कुछ नहीं दिखा है। बच्ची भी किसी का नाम नहीं बता रही है। तहरीर के अनुसार प्रथम दृष्टया अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर विवेचना की जा रही रही है। मासूम की मां ने बताया कि गंदी मैम की शिकायत ही कोई नहीं सुन रहा था। केस दर्ज कराने के लिए काफी जद्दोजहद करनी पड़ी। कभी थाने गई तो कभी तहसील में फरियाद लेकर पहुंची। जब कहीं सुनवाई नहीं हुई तो जिलाधिकारी के पास पहुंची, यहां से न्याय की उम्मीद जगी। डीएम से मामला बताने के 24 घंटे के अंदर केस दर्ज हुआ। अभी तो अज्ञात पर केस दर्ज किया गया है। विवेचना में देखिए क्या होता है। अब जाकर मन को शांति मिली है। बच्ची के नाना ने बताया कि पुलिस अगर गंभीर रही तो इतनी जद्दोजदह नहीं करनी पड़ती।