कानपुर। बिधनू के कठारा-कठेरुआ संपर्क मार्ग पर बुधवार सुबह तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर खाई में पलट गयी। हादसे में सिंहपुर निवासी रामशंकर यादव उर्फ विवेक (32) की मौत हो गई। इलाकाई लोगों ने ऑटो चालक की पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। रामशंकर यादव बुधवार को कठारा चौराहे से ऑटो में बैठकर नौबस्ता गल्लामंडी जा रहे थे। ऑटो में उनके अलावा रामखिलावन, रामनरेश और दिनेश भी बैठे हुए थे। रामखेलावन ने बताया कि ऑटो जैसे ही कठारा-कठेरुआ संपर्क मार्ग के बीच मे अंत्येष्टि स्थल के पास पहुंची। तभी ऑटो अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में रामशंकर उर्फ विवेक की मौके पर मौत हो गयी। जबकि अन्य लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। इधर हादसे से नाराज क्षेत्रीय लोगों ने पड़री लालपुर निवासी चालक को पीटकर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने घायल सवारियों को बिधनू सीएचसी में भर्ती कराकर मृतक के परिजनों को जानकारी दी। बिधनू थाना प्रभारी सतीश राठौर ने बताया कि चालक को हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।