बदायूं । जिले में किसान की हत्या से सनसनी फैल गई। वारदात को उस समय अंजाम दिया गया, जब देर रात किसान सो रहा था। सुबह किसान को जगाने के लिए उसका पुत्र पहुंचा तो वह मृत अवस्था में पड़े हुए थे। वजीरगंज थाना के गांव लखनपुरा में सोमवार रात ताराचंद (50) की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई। वह रोज की तरह चौपाल पर सो रहा था। मंगलवार सुबह पांच बजे उसका बेटा गौरव उसे जगाने पहुंचा। तब परिवार वालों को घटना की जानकारी हुई। सूचना मिलते ही गांव के लोग आ गए। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और सीओ बिसौली मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि ताराचंद के चेहरे पर धारदार हथियार से हमला किया गया है। इससे किसान की आंख, माथा और गाल आदि कट गए। पुलिस ने किसान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या किसने की अभी यह पता नहीं चला है। परिजनों ने किसी दुश्मनी से इंकार किया है। बताया जा रहा है कि किसान अपनी जमीन बेचना चाहता था। हत्या का मामला जमीन से जुड़ा हो सकता है।