बदायूँ। दातागंज कोतवाली क्षेत्र में गनगोला पुलिया के नजदीक खाटू श्याम मन्दिर से लौट रहे परिवार की कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में प्रियांक (26), उसकी भाभी रुचि (28) और रुचि के सात वर्षीय बेटे शशांक की मौत हो गई जबकि प्रियांक का भाई, उसकी पत्नी, बेटी और भतीजी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बरेली रेफर कर दिया गया है। सभी लोग कार से खाटू श्याम मंदिर उझानी से दर्शन करके लौट रहे थे। दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव आजमपुर के मूल निवासी प्रियांक का परिवार दातागंज कस्बे में कांसपुर रोड पर रहता है। सोमवार शाम एकादशी के अवसर पर प्रियांक, उसकी पत्नी साक्षी, आठ माह की बेटी लाडो तथा प्रियांक का बड़ा भाई प्रशांत, प्रशांत की पत्नी रुचि, बेटा शशांक और एक साल की बेटी गुड़िया कार से उझानी रोड पर स्थित खाटू श्याम मंदिर के दर्शन करने गए थे। गाड़ी प्रशांत चला रहा था जबकि प्रियांक अपने भतीजे शशांक को गोद में लेकर गाड़ी की आगे वाली सीट पर बैठा था। सभी लोग देर रात दर्शन करके घर लौट रहे थे। रास्ते में दातागंज कोतवाली क्षेत्र में गनगोला पुलिया के नजदीक अचानक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में प्रियांक, रुचि और रुचि के सात साल के बेटे शशांक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि प्रशांत, उसकी बेटी गुड़िया, प्रियांक की पत्नी साक्षी और लाडो घायल हो गई। कोतवाली पुलिस कुछ देर बाद मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तुरंत घायलों को जिला अस्पताल भेजा, जहां से सभी को बरेली रेफर कर दिया गया। पुलिस ने परिवार वालों के अनुसार प्रियांक के शव का पोस्टमार्टम करा दिया। परिवार वालों ने रुचि और शशांक के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है।